चंपावत जिले में निर्माणाधीन अमोड़ी डिग्री कालेज का भवन।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर अमोड़ी डिग्री कॉलेज को जल्द ही भवन निर्माण के लिए धनराशि मिलेगी। शासन स्तर से कॉलेज निर्माण के लिए 1.50 करोड़ रुपये का शासनादेश जारी हो चुका है। उम्मीद है कि जून के भीतर कॉलेज निर्माण के लिए यूपी निर्माण निगम को धनराशि मिल जाएगी।
उत्तर प्रदेश निर्माण निगम ने 2016-17 में डिग्री कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू किया था। कार्यदायी संस्थान ने अमोड़ी कॉलेज के लिए 4.98 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। उसके बाद कॉलेज निर्माण करने के लिए पहली किस्त के रूप में 50 लाख की धनराशि मिली थी। धनराशि मिलने के बाद कार्यदायी संस्था समतलीकरण और कालम डालने का ही काम पूरा कर पाई है।
दूसरी किस्त नहीं मिलने से लंबे समय से कार्य रुका है। धनराशि मिलने के बाद कॉलेज निर्माण में तेजी आएगी। संजय चौधरी, प्रबंधक, यूपी निर्माण निगम, चंपावत ने बताया कि अमोड़ी डिग्री कॉलेज भवन निर्माण के लिए शासन से 1.50 करोड़ रुपये की धनराशि का जीओ जारी हुआ है। धनराशि मिलने के बाद कॉलेज का भवन निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। अब तक 50 लाख की धनराशि ही मिल पाई है।
तीन मंजिला कॉलेज का किया जाएगा निर्माण
चंपावत। अमोड़ी डिग्री कॉलेज के लिए धनराशि मिलने के बाद तीन मंजिला कॉलेज का निर्माण कार्य तेजी से किया जाएगा। भवन बनने के बाद छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में सहूलियत मिलेगी।
जीआईसी के भवन में चल रहा अमोड़ी कॉलेज
चंपावत। अमोड़ी डिग्री कॉलेज के पास अपना भवन नहीं होने से कॉलेज तीन-चार साल से जीआईसी के दो कमरों में चल रहा है। कक्षा कक्षों की संख्या कम होने से दो कक्षाओं का संचालन भी एक साथ करना पड़ता है।