एक माह से प्रधान डाकघर गोपेश्वर में संचार सेवा ठप होने से लेन-देन प्रभावित है। शनिवार को लेन-देन न होने पर ग्राहकों ने डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को खरी खोटी सुनाई। लोगों ने कहा कि पिछले एक माह से पोस्ट ऑफिस में कनेक्टिविटी की समस्या बनी हुई है, लेकिन अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। दूर-दराज के गांवों से पोस्टऑफिस में पहुंच रहे ग्रामीणों को बैरंग लौटाया जा रहा है।
नगर क्षेत्र में स्थित प्रधान डाकघर में उपभोक्ता सुबह ही धनराशि के लेन-देन के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन कनेक्टिविटी न होने से उन्हें घंटों लाइन में खड़ा होने के बाद बैरंग लौटना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि पोस्टऑफिस में कामकाज न होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को भी पोस्टऑफिस में काम ठप होने से लोगों में भारी आक्रोश दिखा। उन्होंने डाक विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के समक्ष आक्रोश जताया। मंडल घाटी के दिगंबर सिंह का कहना है कि नगर के पोस्टऑफिस में एक माह से लेन-देन ठप है, लेकिन डाक विभाग के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। मनवर सिंह का कहना है कि वे चार दिनों से अपनी आरडी की पासबुक में धनराशि जमा करने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें हर दिन बैरंग लौटना पड़ा। इधर, उप डाक अधीक्षक बीपी थपलियाल का कहना है कि सुचारु कनेक्टिविटी न होने से दिक्कतें आ रही हैं। दूरसंचार विभाग से शीघ्र समस्या का समाधान करने के लिए कहा गया है। जल्द ही पोस्ट ऑफिस में लेन-देन सुचारु हो जाएगा।