ग्रामीण बोले, सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद भी हल नहीं हाे रही समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
गैरसैंण। विकासखंड के गोगना, उजिटिया, पाडली, रंगचौड़ा और सिलंगा गांवों में अनियमित पेयजल आपूर्ति बनी है। ग्रामीणों का कहना है कि पांच माह में नियमित पानी नहीं आया है। समस्या से अधिकारियों समेत, विधायक और सीएम पोर्टल पर शिकायत करने के बाद भी पेयजल आपूर्ति नियमित नहीं हो पाई है। ऐसे में एक हजार की आबादी को स्रोतों से पानी ढोना पड़ रहा है।
मनोज नेगी, नंदन सिंह, रंगचौड़ा की प्रधान दीपा देवी ने कहा कि बीते बरसात में सिलंगा और रंगचौड़ा सहित पांच गांवों को पेयजल आपूर्ति करने वाली सणकोट पेयजल योजना बंद हो गई। विभाग सहित विधायक और सीएम पोर्टल पर भी शिकायत की गई लेकिन कुछ दिन पानी चला फिर योजना बंद हो गई। ग्रामीणों ने कहा कि अब पांच माह से अनियमित पानी की आपूर्ति हो रही है। ऐसे में पांचों गांवों के करीब एक हजार आबादी को स्रोतों से पानी ढोना पड़ रहा है। वहीं जल संस्थान के अवर अभियंता हेमंत ने कहा 14 किमी लंबी सणकोट पेयजल योजना को ठीक कर दिया गया था लेकिन स्रोत घने जंगल में होने से इनटेक चेंबर में पत्तियां फंस जाने से पानी की आपूर्ति बाधित हो जाती है। संबंधित फीटर को बताकर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।