सड़क की मांग के लिए दूसरे दिन भी क्रमिक अनशन और धरने पर डटे रहे ग्रामीण
ज्योतिर्मठ/पोखरी (चमोली)। सड़क की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे डुमक के ग्रामीणों ने बुधवार को पीएमजीएसवाई का पुतला फूंका। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण सड़क उनके गांव तक नहीं पहुंच पाई है।
एक अगस्त से धरना दे रहे ग्रामीणों ने 11 अगस्त से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया था। बुधवार को भी उनका क्रमिक अनशन जारी रहा। कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती वे आंदोलन जारी रखेंगे। कहा कि विभाग और प्रशासन अब तक सिर्फ कोरे आश्वासन देता रहा है। इसलिए जब तक धरातल पर काम शुरू नहीं हो जाता आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि जल्द आंदोलन की आगे की रणनीति बनाई जाएगी। इस दौरान राजेंद्र सिंह भंडारी, बलवीर रावत, अवतार सिंह, गंगा सिंह, जगदीश सिंह सनवाल आदि मौजूद रहे। दूसरी ओर मोहनखाल-चोपता तुंगनाथ सड़क निर्माण की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का क्रमिक धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। भाजपा नेता आनंद सिंह राणा और महादेव प्रसाद भट्ट ने कहा कि सड़क निर्माण में पर्यावरणविदों का भी सहयोग लिया जाएगा। क्रमिक धरने पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश नेगी, ओम प्रकाश थपलियाल, शंकर नेगी, राजीव नेगी, उपाध्यक्ष दीपक थपलियाल, मोहन खाल व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बिष्ट, वासुदेव नेगी, अनिल नेगी आदि मौजूद रहे। संवाद