संचार सेवा उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल टावर लगाने की मांग को लेकर नौली न्याय पंचायत के नौ गांवों के ग्रामीण सड़क पर उतर आए। उन्होंने अपर बाजार से तहसील तक जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया।
मंगलवार को कोटी, घतोड़ा, जेंटा, मटियाला, ऋषिवाड़ी, पैंखोली, ग्वालखेत, त्रिकोट, पटकुला गांवों से आए महिला मंगल दल के सदस्यों और ग्रामीणों ने सरकार के विरोध में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। उन्होंने गांव में संचार सेवा के लिए मोबाइल टावर लगाने की मांग उठाई। तहसील परिसर में आयोजित सभा में महिलाओं ने कहा कि उनके गांवों में मोबाइल टावर नहीं होने से वे रिश्तेदारों और गोपेश्वर, श्रीनगर, देहरादून कर्णप्रयाग आदि कॉलेजों में पढ़ने वाले बच्चों से बात नहीं कर पा रहे हैं। मोबाइल पर बात करने के लिए उनको अन्य गांवों में जाना पड़ता है। गंभीर स्थिति में 108 वाहन को भी सूचित नहीं कर पाते हैं। गुस्साए लोगों ने कहा कि महिलाओं को प्रसव वेदना की स्थिति में डंडी से मीलों पैदल चलकर सड़क और फिर कर्णप्रयाग अस्पताल में ले जाना पड़ता है। सभा के बाद ग्रामीणों ने एसडीएम के माध्यम से सूचना प्रसारण मंत्रालय नई दिल्ली को ज्ञापन भेजा। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम देवानंद शर्मा ने बीएसएनएल के अधिकारियों को बुलाया और तुरंत समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। लोगों ने कहा यदि जल्द क्षेत्र में टावर नहीं लगाया गया तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में ज्येष्ठ प्रमुख गौतम मिंगवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज पुंडीर, ममंद अध्यक्ष माहेश्वरी देवी, हीरा सिंह, कलावती, माया, राजेश्वरी, विमला, बसंती, रामेश्वरी, गजपाल, ऋतिक, नवीन, मोहन, सदानंद, पंकज, कुलदीप, वीरेंद्र, संतोष, विनोद, विजय, जयबीर, प्रीतम, मनीष, अनूप, प्रकाश, उमेद, सचिन, भूपाल और संजय आदि मौजूद थे।