भगवान बदरीनाथ की गद्दी और उद्घव जी की डोली को माता मूर्ति मंदिर ले जाते श्रद्घालु।
- फोटो : GOPESHWAR
माणा गांव में बुधवार को बामन द्वादशी पर माता मूर्ति मेला धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान बदरीविशाल के प्रतिनिधि उद्धव जी की डोली माता मूर्ति से मिली। सैकड़ों की तादात में श्रद्धालु माता मूर्ति के दर्शनों के लिए पहुंचे। इस कारण सुबह दस बजे से अपराह्न तीन बजे तक बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद रहे। बदरीनाथ को लगने वाला भोग भी उन्हें माता मूर्ति मंदिर में ही लगाया गया।
घंटाकर्ण महाराज ने मंगलवार को बदरीविशाल को माता मूर्ति से मिलने के लिए माणा आने का निमंत्रण दिया था। बुधवार को बदरीनाथ मंदिर में प्रात:कालीन पूजा के बाद सुबह 10 बजे बदरीविशाल की गद्दी और उद्धव जी की डोली ने गाजे बाजे के साथ माता मूर्ति मंदिर की ओर प्रस्थान किया। देव डोलियों के आईटीबीपी कैंप के पास पहुंचने पर माणा गांव की महिलाओं ने घर में उगाई जौ की हरियाली उन्हें अर्पित की। देव डोलियों के माता मूर्ति मंदिर परिसर में पहुंचने पर रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी, धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, पुजारियों और स्थानीय हक हकूहकधारियों ने पूजा संपन्न कराई। इसके बाद भगवान बदरीनाथ के प्रतिनिधि उद्धव जी माता मूर्ति से मिले। उन्होंने अपनी कुशलक्षेम बताई और अगले बामन द्वादशी पर पहुंचने का वचन दिया। दिन का भोग प्रसाद ग्रहण करने के बाद अपराह्न तीन बजे उद्धव जी की डोली और बदरीविशाल की गद्दी वापस बदरीनाथ मंदिर पहुंची। इसके बाद मंदिर को भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिया गया। इस दौरान बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार और मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।