उपभोक्ताओं ने वीडियो बनाकर डीएम व इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक को भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवाल। सवाड़ के ग्रामीणों ने रसोई गैस सिलिंडर से गैस निकाल रहे सप्लायर को मौके पर ही दबोचा। उपभोक्ताओं ने इसका वीडियो बनाया और डीएम व इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक को भेजा। उन्होंने सिलिंडर से गैस निकालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पिंडर घाटी के थराली और देवाल में इंडेन गैस सर्विस थराली से सिलिंडरों की आपूर्ति की जाती है। रविवार को इंडेन गैस सर्विस थराली के गैस गोदाम से 85 सिलिंडर सवाड़ गांव के लिए भेजे गए। सिलिंडर की सप्लाई करने वाले सप्लायर दो किलोमीटर पहले ट्रक को रोककर सिलिंडरों से गैस निकाल रहे थे तथी पीछे से आ रहे सवाड़ गांव के आलम सिंह और महाबीर सिंह ने उन्हें मौके से पकड़ लिया। उन्होंने इसका वीडियो बनाया और डीएम व इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक को भेजकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, इंडेन गैस सर्विस के प्रबंधक प्रदीप सती ने कहा कि यह प्रकरण सोशल मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आया है। गैस सप्लाई का टेंडर एक प्राइवेट कंपनी के पास है। जांच के बाद टेंडर हटाया जाएगा। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से सिलिंडर तोलकर ही लेने की अपील की।