ब्लाक मुख्यालय पर ढाई साल बाद बीएसएनएल की मोबाइल सेवाएं शुरू हो गई हैं। मोबाइल सेवा शुरू होेने से 40 से अधिक ग्राम पंचायत की करीब 20 हजार से अधिक की आबादी लाभान्वित होगी।
जून 2013 की आपदा में ब्लाक मुुख्यालय का मोबाइल टॉवर बाढ़ में बह गया था। तब से यहां बीएसएनएल की मोबाइल सेवाएं ठप थीं।
लोग फोन पर बात करने के लिए या तो कई किमी दूर जाते थे या फिर निजी कंपनियों की सेवा पर निर्भर थे। बीएसएनएल के लाइनमैन एलएस नेगी ने बताया कि सोमवार को धारबारम मोबाइल टॉवर से नारायणबगड़ के लिए कनेक्टिविटी दी गई।
हालांकि सोमवार को मोबाइल पर सिग्नल आते जाते रहे, लेकिन बीएसएनएल के कर्मी मंगलवार से व्यवस्थाएं सुचारु रूप से चलाने की बात कह रहे हैं। इससे बीएसएनएल के मोबाइल धारकों ने राहत की सांस ली।