12 से 16 फरवरी को औली में होने वाली नेशनल जूनियर स्कीइंग स्नोबोर्ड व विंटर कार्निवाल गेम्स की तैयारियों को लेकर औली में बैठक हुई। बैठक में गेम्स के दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
गढ़वाल आयुक्त सीएस नपल्च्याल ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि गेम्स को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा। लोगों ने औली में आइस स्केटिंग रिंग बनाने की मांग की, जिस पर उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस पांगती ने कहा कि रिंग का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा जा चुका है। शीघ्र ही औली में आइस स्केटिंग रिंग स्थापित हो जाएगी।
आयुक्त नपलच्याल ने कहा कि गेम्स में जूनियर व सीनियर वर्ग की चार प्रतियोगिताओं में बालक-बालिकाएं प्रतिभाग करेंगी। गेम्स में भाग लेने के लिए विभिन्न प्रदेशों की टीमों को आमंत्रित किया गया है।
गेम्स के दौरान जोशीमठ-औली रोपवे की व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए जीएमवीएन के तकनीकी विभाग को निर्देशित किया गया। उन्होंने स्नो गन के काम न करने पर नाराजगी जताई। गेम्स के दौरान स्वास्थ्य विभाग को औली में मेडिकल टीम और एंबुलेंस सेवा संचालित करने के निर्देश दिए गए।
लोनिवि के अधिकारियों को औली सड़क को हर वक्त यातायात के लिए सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। जोशीमठ की नगर पालिका अध्यक्ष रोहिणी रावत ने कहा कि कृत्रिम झील में पानी नहीं है, जिस पर आयुक्त ने झील का निरीक्षण कर संबंधित विभाग को झील में पानी की व्यवस्था करने के लिए कहा।
इस मौके पर जोशीमठ के ब्लॉक प्रमुख प्रकाश रावत, जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन, एसपी सुनील कुमार, बीआरओ के कमांडेंट आर सुब्रमण्यम आदि मौजूद थे।