ज्योतिर्मठ। मौसम खुलने के साथ ही रविवार को औली में पर्यटकों की रौनक बढ़ गई। औली में बर्फ में पर्यटक जमकर मौज मस्ती करते नजर आए।
शनिवार को औली सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। औली में भी जमकर बर्फ गिरी। वहीं रविवार सुबह मौसम खुल गया। मौसम खुलते ही औली में अधिक संख्या में पर्यटक पहुंच गए। पर्यटक यहां स्कीइंग करते, टायर की ट्यूब से बर्फ में फिसलते व एक दूसरे पर बर्फ के गोले मारकर मौज मस्ती करते नजर आए। बड़ों के साथ बच्चे भी बर्फ में आनंद लेते दिखे। वहीं दोपहर बाद मौसम बदलने पर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई थी जिससे औली में भी कड़ाके की ठंड शुरू हो गई। हालांकि ठंड के बावजूद पर्यटक औली में घूमते नजर आए।
इंसेट
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दूसरे दिन भी हुई बर्फबारी
गोपेश्वर। चमोली जनपद में लगातार दूसरे दिन भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे जिससे जनपद में ठंड बढ़ गई है। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी, नंदा घुंघटी के साथ ही नीती व माणा घाटी में रविवार को भी बर्फबारी हुई। सुबह मौसम सामान्य रहा तो चटख धूप खिली, लेकिन दोपहर एक बजे के बाद अचानक बादल छा गए जिसके बाद बर्फबारी शुरू हुई। संवाद