ग्रामीणों ने लोनिवि को सौंपा सहमति पत्र
लोनिवि के ईई ने अवर अभियंता को तत्काल सर्वे के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पोखरी। चांदनीखाल-रडुवा-कांडई चंद्रशिला रैसू सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीण के बीच चल रहा विवाद सुलझ गया है। रडुवा के ग्रामीणों ने इस मामले में लोनिवि को एनओसी का पत्र भी सौंप दिया है। अब सड़क जौरासी, किमोठा से नहीं चांदनीखाल से सीधे जीआईसी रडुवा होते हुए बनाई जाएगी।
पोखरी विकासखंड के अंतर्गत करीब 11 किमी लंबी इस सड़क को दस साल पहले स्वीकृति मिली थी। पिछले साल लोनिवि ने प्रथम चार किमी के लिए टेंडर जारी किए लेकिन सड़क पर काम शुरू नहीं हो पाया। दरअसल पहले इस सड़क को धौड़ से जौरासी किमोठा होकर जाना था जिसपर जौरासी, किमोठा और रडुवा के लोग खेत कटने पर आपत्ति जता रहे थे। अब रडुवा के ग्रामीणों ने आपसी सहमति से अपने खेत देने के लिए स्वीकृति दे दी है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क के लिए उनके खेत कटने पर कोई आपत्ति नहीं है। अब सड़क जौरासी, किमोठा से नहीं चांदनीखाल से सीधे जीआईसी रडुवा होते हुए बनाई जाएगी। लोनिवि के अधिशासी अभियंता राजकुमार ने बताया कि चांदनीखाल से सड़क निर्माण के लिए इसके प्रथम एक किमी का नया समरेखण तैयार किया जाएगा। इसके लिए अवर अभियंता को तत्काल सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रक्रिया के पूरे होने के बाद सड़क पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इस अवसर पर सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिनेश रडवाल, जगदीश नेगी, ग्राम प्रधान प्रदीप बर्त्वाल, मदन रडवाल, मोहन सिंह, शिशुपाल बर्त्वाल, सुखदेव बर्त्वाल, बचन सिंह नेगी, तेजपाल बर्त्वाल सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।