ब्लाक देवाल में एक क्षेत्र पंचायत सदस्य के गायब होने के मामले में चमोली जिले का पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। एसपी के आदेश पर क्षेत्र पंचायत सदस्य की खोज के लिए पुलिस टीम सुयालकोट घाटी के लिए रवाना हो गई है।
ब्लॉक प्रमुख के चुनाव की अभी अधिसूचना जारी नहीं हुई है, लेकिन संभावित दावेदारों की ओर से एक सप्ताह पहले से ही सदस्यों की घेराबंदी शुरू कर दी गई है। 24 अक्तूबर को क्षेपं सदस्यों को अपने पक्ष में करने को लेकर मेलखेत के पास ढाढड़ गांव में हवाई फायर व आपस में मारपीट की घटना भी सामने आ चुकी है। अब एक सदस्य के गायब होने की सूचना पर पुलिस प्रशासन उसकी खोज में लग गया है। पुलिस अधीक्षक यशवंत चौहान के आदेश पर पुलिस का एक दल चोटिंग, सौरीगाड़, चनियाली गांव पहुंचे। वहीं मंगलवार को भी राजस्व पुलिस व रेगुलर पुलिस की टीम भी रवाना हो गई है।
पुलिस अधीक्षक यशवंत चौहान का कहना है कि क्षेत्र पंचायत सदस्य हीरा सिंह के गायब होने की तहरीर उसके पिता ने पुलिस को दी है। राजस्व व रेगुलर पुलिस खोज कर रही है, लेकिन अभी तक संपर्क नहीं हो पाया है। मामले में जांच चल रही है।