कर्णप्रयाग मे सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान मे लगी आग से सामान हुआ राख।
- फोटो : KARNPRYAG
सोमवार तड़के सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान सहित दो दुकानों में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की मदद से दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। आबादी के बीच दुकानों में लगी आग से लोगों में अफरातफरी मच गई। दोनों दुकानों का करीब 10 लाख रुपये का सामान जल गया है। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
कर्णप्रयाग में उमा देवी तिराहे पर रणबीर सिंह नेगी की सरकारी राशन और उनके भाई रतन सिंह नेगी की जनरल स्टोर की दुकान है। सोमवार तड़के करीब तीन बजे दोनों भाइयों की दुकानों में आग लग गई। आग की लपटों और धुएं से जब आसपास के लोगों को घुटन होने लगी तो वे बाहर आए और दुकान मालिकों व पुलिस को सूचना दी। लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग नहीं बुझी। बाद में दो बार फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया जा सका। दुकान में लगी आग से रणबीर सिंह नेगी का करीब चार लाख और उनके भाई रतन सिंह नेगी का छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंचे तहसीलदार सोहन सिंह रांगड ने नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।