कई संस्थाओं के 30 लोग दल में हैं शामिल, आज देर शाम तक पहुंचेंगे तपोवन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बुग्याल बचाओ अभियान के तहत रविवार को औली से एक संयुक्त दल कुंवारीपास में सफाई अभियान चलाने, बुग्याल की स्थिति जानने और उसके अध्ययन के लिए रवाना हुआ। दल में सीपीबी पर्यावरण विकास केंद्र के प्रबंध न्यासी ओम प्रकाश भट्ट के साथ ही नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क, आईटीबीपी, पीजी कॉलेज गोपेश्वर और नगर पालिका जोशीमठ के 30 सदस्यीय दल में विभिन्न संस्थाओं के लोग शामिल हैं। दल सोमवार देर शाम को तपोवन पहुंचेगा।
रविवार को औली में आईटीबीपी के उपसेनानी सुनील चंद्र पोखरियाल ने संयुक्त दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दल कुंवारीपास ट्रैक पर सफाई अभियान चलाएगा और यहां बुग्याल का अध्ययन भी करेगा। रवाना होने से पूर्व आईटीबीपी के सभागार में प्रमुख मुख्य वन संरक्षक समीर सिन्हा ने वर्चुअली संबोधन किया और बुग्यालों का महत्व बताया। चंडी प्रसाद भट्ट पर्यावरण एवं विकास केंद्र के प्रबंध न्यासी ओम प्रकाश भट्ट ने बताया कि दल क्षेत्र में सभी तरह का कूड़ा एकत्रित करेगा। मानव गतिविधियों व अन्य कारणों से बुग्यालों पर क्या असर पड़ रहा है इसका भी अध्ययन किया जाएगा। बताया कि उनकी संस्था की ओर से वर्ष 2014 से बुग्याल बचाओ अभियान चलाया जा रहा है।