देवाल। ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम पंचायत बलाण गांव तक सड़क नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में ग्रामीणों को करीब दो किमी पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। हालांकि विभाग ने वर्ष 2023 में 2.2 किलोमीटर लिंक रोड के लिए 3.80 करोड़ स्वीकृत किए थे लेकिन सड़क की सैद्धांतिक स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
पीएमजीएसवाई ने वर्ष 2017 में हिमनी से बलाण तक 11 किमी सड़क कटिंग की थी लेकिन दो किमी लिंक मार्ग की कटिंग नहीं हो पाई। बलाण के गोविंद सिंह बिष्ट ने बताया कि इस बारे में कई बार जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से पत्राचार भी किया गया लेकिन यह सड़क 11 किलोमीटर से आगे नहीं बढ़ पाई जिससे ग्रामीणों को अभी करीब 2 किलोमीटर पैदल जाना पड़ रहा है। उन्होंने स्वीकृत 2.2 सड़क कटिंग का काम शुरू करने की मांग की। वहीं पीएमजीएसवाई कर्णप्रयाग के अवर अभियंता प्रदीप पंवार का कहना है कि इसी माह सड़क की फाइल नोडल से केंद्र सरकार को भेजी गई है। 17 दिसंबर को वन संरक्षक विभागीय अधिकारियों के साथ इस सड़क का निरीक्षण करेंगे। शीघ्र सड़क की सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। संवाद