बदरीनाथ हाईवे पर उमा माहेश्वर आश्रम के पास पहाड़ी दरकने से हाईवे पांच घंटे बंद रहा। इस दौरान करीब 60 वाहन जाम में फंसे रहे। सूचना पर एनएच की मशीनें पहुंचीं और मलबा हटाकर पांच घंटे बाद वाहनों की आवाजाही बहाल करा दी गई। पहाड़ी टूटने से कालेश्वर से कर्णप्रयाग को आने वाली पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे कई मोहल्लों में पानी नहीं आया।
लगातार बारिश के कारण गुरुवार सुबह करीब 6.30 बजे बदरीनाथ हाईवे पर उमा माहेश्वर आश्रम के पास करीब 30 मीटर पहाड़ी दरक कर सड़क पर आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहाड़ी दरकने से ठीक पहले वहां से वाहन गुजर रहे थे। गनीमत रही कि जब सड़क पर मलबा आया वहां कोई वाहन नहीं चल रहा था।
सड़क पर मलबा आने के कुछ देर बाद हाईवे पर कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग, श्रीनगर, देहरादून, चमोली, गोपेश्वर, जोशीमठ आने-जाने वाले वाहनों की कतार लग गई। कई वाहन दूसरे रास्तों से अपने गंतव्यों को गए। जाम में फंसे लोगों की सूचना पर एनएच के अधिकारियों ने मौके पर जेसीबी भेजी और दोनों तरफ से सड़क खोलने का काम शुरू किया। एनएचडीसीआईएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास निगम लिमिटेड) के अभियंता अंकित शर्मा ने कहा कि सुबह करीब 10 बजे मलबे को हटाकर हाईवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि कमजोर पहाड़ी होने से वहां पर बार-बार मलबा आ रहा है। इंजीनियर प्रभावित स्थान के स्थायी ट्रीटमेंट के लिए प्रयास कर रहे हैं।
कर्णप्रयाग-नैनीताल हाईवे दो घंटे रहा बंद
कर्णप्रयाग-नैनीताल हाईवे पर गुरुवार शाम करीब 5.45 बजे सिरोली के पास चट्टान टूटने से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिर गए। जिससे हाईवे के दोनों तरफ रात 8 बजे तक करीब 50 वाहन फंसे रहे। कार्यदायी संस्था ने जेसीबी की मदद से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाइवे से मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही शुरू की। सड़क खुलने के बाद वहां फंसे सभी वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए हैं।
स्लाइट जोन बनने से बार-बार बंद हो रहा हाईवे
उमा माहेश्वर आश्रम के पास ऑलवेदर रोड निर्माण के दौरान नया स्लाइड जोन बन गया है। यहां पर रोजाना मलबा गिरने से यातायात प्रभावित होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इंजीनियरों का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र पर कमजोर चट्टान होने से दिक्कतें आ रही हैं। वहीं कर्णप्रयाग में घटगाड़ गदेरे के पुल के पास चट्टान गिरने और सिमली के पास मलबा आने से कर्णप्रयाग-सिमली रोड करीब एक घंटे तक बंद रही। बाद में जेसीबी से मलबा हटाकर यातायात बहाल किया गया। इसके अलावा सिमली-शैलेश्वर, उज्ज्वलपुर-डुंग्री सड़कों पर मलबा आने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संवाद