नंदानगर ब्लॉक के प्राणमती निवासी आम सिंह ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। नंदानगर विकासखंड के प्राणमती निवासी आम सिंह ने पत्नी की मौत के मामले में हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने गांव के ही कुछ लोगों पर इस साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
नंदानगर विकासखंड के प्राणमती गांव निवासी आलम सिंह ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में कहा कि 21 नवंबर को वह बेटी की शादी का सामान लेने श्रीनगर गए थे जबकि उनका बेटा दिगंबर सिंह शादी के कार्ड बांटने के लिए कनोल गया हुआ था। उनकी पत्नी भागीरथी देवी घर पर अकेली थीं। शाम को जब बेटा घर आया तो उसे भागीरथी देवी घर पर नहीं मिली। उसने फोन से इसकी सूचना दी। वह अगले दिन सुबह घर पहुंचे और अन्य ग्रामीणों की मदद से पत्नी की तलाश की तो उसका शव गांव के पास एक चट्टान के नीचे पड़ा मिला। उन्होंने गांव के कुछ लोगों पर पत्नी की हत्या की आशंका जताई। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उनसे रंजिश रख रहे हैं और परिवार को धमकी देते आ रहे हैं। एसपी सुरजीत पंवार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य आएंगे उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।