13 गांवों की लाइफ लाइन है यह सड़क, नहीं हो रहा सुधारीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। घिंघराण से लेकर कुजौं-मेकोट क्षेत्र के 13 गांवों को यातायात से जोड़ने वाला गोपेश्वर-घिंघराण (9 किमी) मार्ग बदहाल स्थिति में है। रौली गांव के पास सड़क पर लगातार धंसाव हो रहा है जिससे कभी भी सड़क लंबे समय के लिए बंद हो सकती है। बीते जून माह में भारी बारिश के दौरान सड़क पर भू-धंसाव शुरू हुआ था लेकिन अभी तक यहां सुधारीकरण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
इस सड़क से देवर, खडोरा, घिंघराण, कुजाऊं, मेकोट, डुंग्री, कोंज पोथनी, नेल, कुड़ाऊ, ग्वानाधार और मलाना गांव के ग्रामीण वाहनों से आवाजाही करते हैं। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दिगंबर सिंह रावत, पपेंद्र सिंह और आनंद सिंह पंवार का कहना है कि कई बार लोनिवि के अधिकारियों को अवगत कराने पर भी सड़क की दशा नहीं सुधारी जा रही है। अगर सड़क पूरी धंस गई तो 5000 की आबादी का संपर्क कट जाएगा। इधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह चौहान का कहना है कि सड़क सुधारीकरण के लिए शासन को इस्टीमेट भेजा गया है लेकिन अभी तक बजट नहीं मिला है। बजट मिलने पर सड़क पर काम शुरू कर दिया जाएगा।