प्रदेश सरकार के खिलाफ फूटा एबीवीपी का गुस्सा, एक घंटे की मशक्कत के बाद लाई नीचे
गोपेश्वर महाविद्यालय को श्रीदेव सुमन विवि का कैंपस घोषित करने समेत कई मांगें शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर को श्रीदेव सुमन विवि का कैंपस घोषित करने समेत कई मांगों के लिए आंदोलन कर रहे एबीवीपी के छात्र-छात्राएं गुस्साए और पेट्रोल की बोतल लेकर छत पर चढ़ गए। छात्रों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द से जल्द मांगों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद छात्रों को नीचे ले आई।
एबीवीपी के छात्र पीजी कॉलेज गोपेश्वर में तीन सितंबर से आंदोलन कर रहे हैं। वहीं मंगलवार से कॉलेज में एक छात्र नेता ने अनशन भी शुरू कर दिया है। मगर छात्रों की मांगों पर ध्यान नहीं देने पर आंदोलित छात्र-छात्राएं गुस्सा गए और बुधवार को एक छात्र पेट्रोल की बोतल लेकर कॉलेज की छत पर चढ़ गए। इसके बाद अन्य छात्रों ने शिक्षा मंत्री और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द मांगों पर कार्रवाई करने की मांग की। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद भी जब छात्र नीचे नहीं आए तो पुलिस ने छत पर जाने वाले गेट को खोला और एक घंटे बाद छात्रों को जबरन नीचे लेकर आ गई। उसके बाद छात्र जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे। जिलाधिकारी ने अपने स्तर से भी विवि को इस संबंध में लिखने का आश्वासन दिया है। छत पर चढ़ने वालों में एबीवीपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य व पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अमित मिश्रा, मनीष फरस्वाण, अजय भंडारी, आरुषी, स्नेहा, मनोज, ध्रुव, रोहित और अजय आदि शामिल रहे।
अनशन दूसरे दिन भी रहा जारी
- वहीं मंगलवार से एबीवीपी के पवन कुमार की ओर से शुरू किया गया आमरण अनशन बुधवार को भी जारी रहा। उनके समर्थन में भी छात्र धरने पर बैठे रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर अनशनकारी की जांच की और सैंपल लिए। संवाद
इंसेट
छात्रों की प्रमुख मांगें
- परीक्षा परिणाम में हो रही त्रुटियों को शीघ्र ठीक करने, पीजी कॉलेज को श्रीदेव सुमन विवि का कैंपस बनाकर यहां डायरेक्टर की नियुक्ति करने, परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए हेल्प डेस्क की स्थापना करने, समर्थ पोर्टल का लॉगइन और आईडी महाविद्यालय प्रशासन को दिया जाए, महाविद्यालय में सभी संकायों में पानी के फिल्टर लगाए जाएं, छात्र-छात्राओं के लिए शौचालय की उचित व्यवस्था करने, महाविद्यालय के सभी छात्रावासों का सुधारीकरण और रंग रोगन करने, रिक्त पदों पर शिक्षकों व सफाई कर्मियों की व्यवस्था करने, पीजी कॉलेज में गृह विज्ञान और संगीत की कक्षाओं का संचालन करने और छात्राओं के लिए कॉमन रूम की व्यवस्था करने की मांग शामिल है।
कोट
कॉलेज को 2017-18 में विवि कैंपस बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। यह अभी गतिमान है। कॉलेज स्तर की जो भी समस्याएं हैं उनका शीघ्र समाधान कर लिया जाएगा। - प्रो. एमपी नगवाल, प्राचार्य, पीजी कॉलेज गोपेश्वर, चमोली।