सोनला-कंडारा-मैखुरा मोटर मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे निर्माण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष युद्धवीर सिंह बर्त्वाल ने सीमेंट के साथ मिट्टी का प्रयोग किए जाने पर काम रुकवा दिया। ठेकेदार द्वारा हिल साइड दीवार निर्माण किया जा रहा था।
इस दौरान लोनिवि के अधिकारियों को शीघ्र सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यदायी संस्था वर्ल्ड बैंक के अधिकारियों को सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। क्षेत्र पंचायत सदस्य दिग्पाल सिंह ने भी विगत छह दिसंबर को गोपेश्वर में मुख्यमंत्री हरीश रावत के जनता दरबार में 20 किमी सोनला-कंडारा-मैैखुरा मोटर मार्ग के निर्माण में सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया था। बृहस्पतिवार को निर्माण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष बर्त्वाल और समिति के सदस्य राजा चौधरी ने उक्त सड़क का निरीक्षण किया। इस मौके पर कनिष्ठ अभियंता पीयूष मिश्रा, जयेंद्र पुंडीर और भाष्कर आदि थे।