कर्णप्रयाग, लंगासू, गौचर, नौटी, नंदासैंण आदि क्षेत्रों में दिनभर हल्की बारिश हुई। देवाल में पर्यटन स्थल रूपकुंड, वेदनी, बगुवावासा, ब्रहमताल, आली बुग्याल में बर्फबारी हुई। ऐसे में सौरीगाड़, तोरती, रामपुर, हिमनी, घेस, वांण कुलिंग, दीदना, बलाण, लोहाजंग गांव शीतलहर की चपेट में आ गए हैं।
गैरसैंण क्षेत्र के चोटियों पर इस मौसम की दूसरी बर्फबारी हुई। दूधातौली, पैंसर, कौनपुर गढी की चोटियों पर हिमपात होने से सारकोट, परवाडी, घंडियाल, महरगांव, रामड़ा, मठकोट , पज्याणा, कुंजापानी, कुणीखेत, छड़ीसैंण आदि गांवों में लोग ठंड से बेहाल रहे। थराली सहित पूरे पिंडर घाटी में बारिश हुई। ग्वालदम, तलवाड़ी, घेस, हिमनी, बलाण, पिनाऊं बमोटिया, सिरमथोल गांवों में तापमान पांच डिग्री से नीचे चला गया है। लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। थराली, देवाल, कुलसारी, नारायणबगड़ आदि निचली घाटियों में बारिश के चलते ठंड काफी बढ़ गई है।