ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत शुरू हुआ काम
एनएचआईडीसीएल का यात्रा से पहले 200 मीटर चट्टानी हिस्सा ध्वस्त करने का है लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर फिर से ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत कार्य शुरू हो गया है। यहां मैठाणा में 200 मीटर हिस्से में चट्टान कटिंग का काम किया जा रहा है जिससे बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। एनएचआईडीसीएल ने आगामी चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले चट्टान को ध्वस्त करने का लक्ष्य रखा है।
बदरीनाथ हाईवे पर चमोली बाजार के समीप चाड़े से नंदप्रयाग तक कई जगहों पर हिल कटिंग का काम अधूरा पड़ा है। चमोली तहसील के रास्ते के नीचे की चट्टान पर अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है जिससे यहां यात्राकाल में जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। बाजपुर चट्टान पर भी पिछले वर्ष आधी-अधूरी कटिंग करने के बाद काम अधूरा पड़ा है। अब एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) की ओर से फिर से चट्टानों को तोड़ने का काम शुरू कर दिया है। एनएचआईडीसीएल के महाप्रबंधक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि यात्रा शुरू होने से पहले यहां हाईवे को सुगम बना लिया जाएगा। वहीं, चट्टान की कटिंग में लगी मशीनों से यहां दिनभर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं शैलेंद्र कुमार का कहना है कि जाम न लगे इसको ध्यान में रखकर ही कार्य करवाया जा रहा है।