कर्णप्रयाग। चांदपुरगढ़ी-नौना-पयां मार्ग का निर्माण न होने से ग्रामीण चार किमी पैदल चलने के लिए मजबूर हैं। जनता की मांग पर आदिबदरी तहसील के नौना और पयां गावों के लिए चांदपुरगढ़ी-नौना-पयां (पैंथा) मार्ग की घोषणा की गई थी। नौना-पयां के ग्रामीणों ने कहा कि लोनिवि गौचर की ओर से तीन बार सर्वेक्षण किया जा चुका है। चीड़ के पेड़ भी काट दिए गए हैं लेकिन सड़क निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया। ऐसे में ग्रामीणों को खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ रही है।
जगदीश प्रसाद, भगवती प्रसाद का कहना है कि नौना व पयां से आदिबदरी तक करीब चार किमी पैदल जंगल का रास्ता है। बच्चे इसी रास्ते से आदिबदरी स्कूल जाते हैं और यहां हर समय जंगली जानवरों के आने का डर लगा रहता है। बुजुर्गों को पेंशन, राशन व दवाई लेने के लिए चार किमी पैदल चलना पड़ता है। सड़क न होने से तहसील भवन भी नहीं बन पा रहा है। वहीं, विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि 24 मई 2021 को सड़क की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति के लिए संयुक्त सचिव लोनिवि के पास फाइल भेजी जा चुकी है। जल्द चांदपुरगढ़ी-नौना-पयां सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।