पूर्व में हुई काउंसलिंग में 30 प्रतिशत सीटों पर भी नहीं हो पाए थे प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। श्रीदेवसुमन विश्वविद्यालय की ओर से महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए पंजीकरण और काउंसलिंग की तिथि बढ़ाए जाने से महाविद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ने की उम्मीद जगी है। अब तक 14 जून को रजिस्ट्रेशन और 20 जून तक काउंसलिंग प्रक्रिया में तीस प्रतिशत सीटों पर भी प्रवेश नहीं हो पा रहे थे।
महाविद्यालय कर्णप्रयाग के मीडिया प्रभारी डाॅ. आरसी भट्ट ने बताया कि महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर अब 9 जुलाई तक प्रवेश के लिए पंजीकरण कर सकते हैं जबकि 10 जुलाई के बाद काउंसलिंग शुरू होगी। ऐसे में जो छात्र-छात्राएं अब तक स्नातक स्तर के लिए प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए थे उनके लिए यह मौका मिला है। बता दें कि 20 जून को समाप्त हुई काउंसलिंग प्रक्रिया में महाविद्यालय में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की कुल स्वीकृत 970 सीटों पर महज 289 छात्र-छात्राएं ही शामिल हुए। वहीं गैरसैंण महाविद्यालय में कला संकाय में 79 और विज्ञान में 15 छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग हो पाई है जबकि यहां सीटों की संख्या 500 से अधिक है। वहीं देवाल में कला में 61 और विज्ञान में महज 3 छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग प्रक्रिया हो पाई है जबकि यहां सीटें 300 से अधिक हैं।