टिहरी जिले में मंगलवार को एक दिन में सर्वाधिक कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड केस 65 लोग पॉजिटिव मिले हैं। अब जिले में एक्टिव केस की संख्या 260 हो गई है। सभी पॉजिटिव को कोविड केयर सेंटरों में आइसोलेट किया है। प्रतापनगर क्षेत्र में एक आशा कार्यकर्ता संक्रमित मिलने पर सीएचसी चौंड 48 घंटे के लिए बंद रहेगा। आशा कार्यकर्ता बीते दिन चौंड अस्पताल में आई थी।
एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने बताया कि नरेंद्रनगर ब्लॉक क्षेत्र में 43, थौलधार में 12, जौनपुर में पांच, चंबा में तीन और भिलंगना ब्लॉक क्षेत्र में दो नए लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी स्थानीय हैं। अभी 3463 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। जिले में अब तक सर्वाधिक 493 कोरोना पॉजिटिव नरेंद्रनगर ब्लॉक क्षेत्र में मिले हैं।
कोटद्वार में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा के एक कर्मचारी में कोरोना के लक्षण मिले जबकि स्टेट बैंक कोटद्वार के एक कर्मचारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रशासन ने स्टेट बैंक और अस्पताल को 48 घंटे के लिए सील कर दिया है। सीएमओ डा. मनोज बहुखंडी ने बताया कि पीएचसी दुगड्डा में एनएचएम की बैठक हुई थी, जिसमें 16 कर्मचारी थे। एक कर्मचारी में अगले दिन कोरोना के लक्षण दिखाई दिए थे। उसे उसे बेस अस्पताल में आइसोलेट कर दिया गया है। कोटद्वार देवी रोड स्थित स्टेट बैंक में एक अधिकारी ने बैठक ली थी, बाद में वह अधिकारी संक्रमित मिला।
आईटीबीपी के तीन जवान संक्रमित
गोपेश्वर/देवाल/कर्णप्रयाग। चमोली जिले में कोरोना संक्रमण के तीन मामले आए। यह तीनों जोशीमठ आईटीबीपी के जवान हैं। यह जवान हाल ही में जोशीमठ आए थे। जिले में कोरोना मामलों की संख्या 356 हो गई है, जबकि 863 की रिपोर्ट आनी बाकी है। वहीं देवाल के चौड़ गांव में 136 लोगों के सैंपल लेकर श्रीनगर भेजे थे जिसमें से एक संक्रमित मिला। उसे भराड़ीसैंण के कोविड सेंटर में भेज दिया गया। संक्रमित व्यक्ति वाहन चालक है। स्वास्थ्य विभाग के डा. शहजाद अली ने कहा कि संक्रमित के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं डीएम स्वाति एस भदौरिया के निर्देशों पर जिले में सैंपलिंग तेज कर दी गई है। मंगलवार को 244 संदिग्ध लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
गैड में संक्रमित के संपर्क में आए 88 लोगों के सैंपल लिए
ऊखीमठ। मद्महेश्वर घाटी के ग्राम पंचायत मनसूना के गैड गांव में दिल्ली से पहुंचा एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला। वह होम क्वारंटीन में था। स्वास्थ्य विभाग ने उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया है। साथ ही गांव के 88 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। ग्रामीणों को रिपोर्ट आने तक गांव से बाहर न जाने को कहा गया है। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के प्रभारी डा. सचिन चौबे ने बताया कि संक्रमित की ट्रेवल हिस्ट्री जुटाई जा रही है।
श्रीनगर और कीर्तिनगर में 14 संक्रमित, तीन मिनी कंटेनमेंट जोन बने
श्रीनगर/पौड़ी। बेस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक कक्ष में एक कोरोना संक्रमित प्राइवेट क्लीनिक के डॉक्टर के प्रवेश के बाद कक्ष को 24 घंटे के लिए सील कर दिया है। वहीं, शहर में मस्जिद मार्ग का आधा हिस्सा, निरंकारी भवन की पिछली गली, बेस अस्पताल श्रीकोट के आवासीय परिसर का एक भवन मिनी कंटेनमेंट जोन बनाया है। श्रीनगर और कीर्तिनगर तहसील में मंगलवार को 14 (रेपिड टेस्ट सहित) लोग पॉजिटिव आए हैं। एडीएम पौड़ी डा. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि पूरे नगर पालिका क्षेत्र में व्यापक सैंपलिंग कराई जाएगी। कीर्तिनगर कोतवाली में भी एक पुलिस कर्मी संक्रमित मिला। वह 27 अगस्त को डाक देने नई टिहरी गया था। 31 अगस्त की शाम उसने एक मेडिकल स्टोर से दवाईयां ली थीं।
पौड़ी में अपर बाजार को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। वहीं तहसील क्षेत्र पौड़ी के पटवालस्यूं पट्टी स्थित तुंदेड गांव व पाबौ बाजार को सील कर दिया गया है। अपर बाजार व तुंदेड में एक-एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई, जबकि पाबौ में दो लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
परीक्षा के लिए पहुंचे 25 छात्र, एक पॉजिटिव मिला
श्रीनगर। एमबीबीएस सप्लीमेंटरी परीक्षा देने के लिए छात्रों का पहुंचना शुरू हो गया है। यहां 25 छात्र-छात्राएं का रेपिड टेस्ट किया गया, जिसमें से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे आइसोलेट किया गया है। एमबीबीएस द्वितीय वर्ष में 48, तृतीय पार्ट वन में 34 और तृतीय पार्ट टू सप्लीमेंटरी परीक्षा में 9 परीक्षार्थी शामिल होंगे। एसओपी के अनुसार, 2 सितंबर तक छात्रों को हॉस्टल/कॉलेज में उपस्थिति देनी है। कोविड-19 स्क्रीनिंग के बाद छात्र 14 दिन तक हॉस्टल में क्वारंटीन रहेंगे।
कोरोना नेगेटिव को पॉजिटिव बताकर अस्पताल में किया भर्ती
संपर्क में आने वाली दुकानों को आठ दिनों तक रखा बंद
चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी)। चिन्यालीसौड़ में एक युवक को कोरोना पॉजिटिव बताकर सरकारी तंत्र ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कर आठ दिनों तक उपचार किया और संपर्क वाली कई दुकानें भी बंद करवाईं। अब पता चला है कि युवक की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई थी।
श्रीकोट निवासी दिव्यांग युवक चिन्यालीसौड़ में अखबार बांटता है और दिन में वर्कशॉप में काम करता है। 18 अगस्त को प्रशासन ने उसकी सैंपलिंग कराई और उसे कोरोना पॉजिटिव बताकर 23 को जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया। उसके संपर्क में आए वर्कशॉप के तीन कर्मचारियों और मालिक को क्वारंटीन कर दिया। समाचार पत्र एजेंसी संचालक ओमप्रकाश सेमवाल ने बताया कि हॉकर को कोरोना पॉजिटिव बताकर नगर में तीन सौ लोगों ने अखबार भी बंद करा दिए।
आठ दिनों तक जिला अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के बीच उक्त युवक का उपचार किया गया और 31 अगस्त को उसे डिस्चार्ज कर पांच दिनों तक घर पर ही क्वारंटीन रहने की हिदायत दी गई। इस बीच पता चला कि 22 अगस्त को उक्त युवक की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। युवक को पॉजिटिव बताकर कोविड-19 की गाइड लाइन के तहत की गई उक्त कवायद हैरान करने वाली है। इस संबंध में नोडल अधिकारी डा. बीएस रावत से बात करनी चाही, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। एसडीएम डुंडा आकाश जोशी ने कहा कि यह मामला संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो इसकी पड़ताल की जाएगी। ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो।
मामले की जांच की मांग
चिन्यालीसौड़। समाचार पत्र एजेंसी संचालक ओमप्रकाश सेमवाल, वर्कशॉप संचालक जितेंद्र राणा आदि व्यापारियों ने कहा कि प्रशासन ने उनकी दुकानें बंद कराईं जिससे उन्हें आर्थिक एवं मानसिक क्षति पहुंची है। युवक और उसके परिजनों को भी मानसिक प्रताड़ना सहनी पड़ी। उन्होंने इस मामले की जांच कराकर जवाबदेही तय करने तथा नुकसान की भरपाई की मांग की।