देश के पहले गृहमंत्री ‘लौहपुरुष’ सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और जिला मुख्यालय के साथ ही तहसील और ब्लाक स्तर पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम हिमांशु खुराना के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों, छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली।
गोपेश्वर पुलिस मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम हिमांशु खुराना और पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली का शुभारंभ किया। अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस व एनसीसी कैडेट ने गोपेश्वर मुख्य बाजार से होते हुए गोपीनाथ मंदिर परिसर तक रैली निकाली। नेशनल ताइक्वांडो खिलाड़ी हुजैफा नाज, हुमाम माही, सानिया, वैभव, कपिल, आयुष और अन्य खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
रुद्रप्रयाग। यहां नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवियों ने सफाई अभियान चलाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिपं उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी ने किया। उन्होंने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। जिला युवा अधिकारी राहुल डबराल ने बताया कि एकता दिवस पर नेहरू युवा केंद्र की ओर से 1 से 31 अक्तूबर तक चलाए गए स्वच्छता अभियान कार्यक्रम का भी समापन हो गया है। उधर, ग्राम ल्वाड़ी में चित्रकला प्रतियोगिता व जीआईसी चंद्रापुरी में निबंध, भाषण व पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस मौके पर जिपं सदस्य सुमन नेगी, एनएसएस प्रभारी शशि प्रसाद पुरोहित, कविता जुगराण, एनवाईके के स्वयंसेवक विजय, राजेंद्र, मयंक, वंदना, प्रीति और गौतम आदि मौजूद थे।
दौड़ में दिव्यांशु और विनीता प्रथम
नई टिहरी। लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर प्रतापनगर के भाजयुमो कार्यकर्ताओं और पीजी कॉलेज नई टिहरी के एनएसएस स्वयंसेवियों ने रन फॉर यूनिटी के तहत दौड़ लगाई। लंबगांव में रन फॉर यूनिटी का विधानसभा विस्तारक राजेंद्र व्यास और मंडल अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत ने शुभारंभ किया। पीजी कॉलेज नई टिहरी में दौड़ आयोजित हुई। प्राचार्य डा. रेनू नेगी और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डा. वीपी सेमवाल ने बताया कि दौड़ में दिव्यांशु राणा व विनीता प्रथम, सौरभ पंवार व साक्षी द्वितीय और आदित्य राज व मणिका तृतीय रहे। इस मौके पर डा. रजनी गुसाईं, डा. एएम पैन्यूली, डा. कविता काला, डा. प्रीति शर्मा, डा. आशा डोभाल, डा. आरती खंडूडी, डा. गुरुपद गुसाईं आदि मौजूद रहे। दूसरी ओर, नेहरू युवा केंद्र जौनपुर ब्लॉक ने क्षेत्र में पौधरोपण किया। संवाद
पुलिस जवानों ने लगाई दौड़
पौड़ी/श्रीनगर। मुख्यालय में पुलिस विभाग की ओर से रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन किया गया। कंडोलिया मैदान से एसएसपी पी. रेणुका देवी ने रन फॉर यूनिटी दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पुलिस जवानों, फायर सर्विस के जवानों, एनसीसी कैडेट, व स्कूली बच्चों ने दौड़ लगाई और राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। वहीं गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर में एनएसएस इकाई की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रो. बेलवाल ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में सरदार पटेल के योगदान के बारे में जानकारी दी। डा. अरविंद आर गजकोश ने कर्नाटक राज्य को उत्तराखंड के साथ जोड़ने के लिए एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत कर्नाटक और इसकी संस्कृति पर व्याख्यान दिया। इस मौके पर स्वयंसेवकों ने कन्नड़ और गढ़वाली भाषा में प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद लोगों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। संवाद
उच्च शिक्षा मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
श्रीनगर। भाजयुमो की ओर से रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। गढ़वाल केंद्रीय विवि के मुख्यद्वार से शुरू हुई दौड़ को उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुरुष सीनियर वर्ग में रेहमान प्रथम, प्रशांत द्वितीय व शुभम तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में रितिका ने पहला और रिया ने दूसरा स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में कुलदीप प्रथम नरेंद्र द्वितीय व अश्वनी तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में दीक्षा धनाई ने पहला, मेघा रौथाण ने दूसरा और रश्मि ने तीसरा स्थान हासिल किया। दौड़ के बाद गोला पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की ओर से मैराथन में स्थान पाने वाले विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष आशीष उनियाल, महामंत्री विपिन नौटियाल, विनित पोस्ती, अनुराग चमोली, पंकज नेगी, सुजीत गैरोला, संदीप बुटोला, आदित्य घिल्डियाल, शैलेश मलासी आदि मौजूद थे। संवाद
निकिता बिष्ट ने जीती दौड़ प्रतियोगिता
पाबौ/देवप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय पाबौ में हुई दौड़ में निकिता बिष्ट प्रथम, खुशी द्वितीय व दीक्षा रौथाण तीसरे स्थान पर रहीं। डा. कुसुमलता नौटियाल ने छात्रों को सरदार पटेल का जीवन संघर्ष के बारे में जानकारी दी। बताया कि किस प्रकार अखंड भारत की नींव रखने में सरदार पटेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में विजेता छात्रों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर डा. रजनी बाला, डा. तनुजा रावत, डा. अनिल शाह, डा. मुकेश शाह, डा. सुनीता चौहान, मुकेश कंडारी, सोनी देव, विजयेंद्र और अनुराधा आदि मौजूद रहे। वहीं राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग आयोजित दौड़ के बालिका वर्ग में मनीषा प्रथम, लक्ष्मी द्वितीय, गरिमा तृतीय व राधिका चतुर्थ स्थान पर रहीं। छात्र वर्ग में हिमांशु पहले, रोहित दूसरे, विशाल तीसरे व पीयूष ने चौथा स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में राधिका प्रथम, दीपिका द्वितीय व मनीषा तृतीय रहीं। संवाद
पुलिस, आईटीबीपी और एनसीसी कैडेट्स ने किया फ्लैग मार्च
उत्तरकाशी। पुलिस लाइन ज्ञानसू में आयोजित कार्यक्रम में डीएम मयूर दीक्षित व एसपी मणिकांत मिश्रा ने सरदार पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस अवसर पर एनसीसी, आईटीबीपी, पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों को राष्ट्रीय एक्ता व अखंडता की शपथ दिलाई गई। आईटीबीपी, पुलिस, होमगार्ड, पीआरडी, एनसीसी कैडेट्स ने शहर में फ्लैग मार्च किया। साथ ही शहर में साइकिल रैली निकाली गई। इस मौके पर एडीएम तीर्थपाल सिंह, सीएमओ डा. केएस चौहान, सीएमएस एसडी सकलानी, परियोजना निदेशक संजय सिंह, डीएसओ मनोज सोनी, आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल और परियोजना अधिकारी उरेडा वंदना मौजूद रहे। संवाद