बाद में सड़क पर ही पलट गया, लोगों ने भागकर बचाई जान, लगा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
आदिबदरी। पीपलचट्टी बाजार में एक महिंद्रा पिकअप वाहन का ब्रेक फेल हो गया। पिकअप वाहन दो वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने के बाद सड़क पर ही पलट गया। हालांकि इस दुर्घटना में किसी को चोट नहीं आई लेकिन लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। ऐसे में यहां जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया।
शुक्रवार सुबह चाय की पत्तियों से भरा पिकअप वाहन गैरसैंण से कुलसारी के लिए चला था। वह पीपलचट्टी बाजार पहुंचा था कि वाहन का ब्रेक फेल हो गया और सड़क की दीवार से टकराने के बाद पिकअप वाहन दो अन्य वाहनों को क्षतिग्रस्त करते हुए सड़क पर पलट गया। सुबह का समय होने के कारण बाजार में भीड़ कम होने से बड़ा हादसा होने से टल गया लेकिन यहां जाम लग गया। पिकअप वाहन की टक्कर से नगली गांव के मुकेश प्रसाद की नई कार और एक अन्य पतंजलि डेरी सप्लाई का पिकअप वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर आदिबदरी पुलिस चौकी के प्रेमप्रकाश टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया। पिकअप वाहन के चालक सिलंगी गैरसैंण निवासी चतुर सिंह ने बताया कि वाहन के अचानक पट्टे टूटने पर ब्रेक फेल होने के कारण वाहन को दीवार से टकराना पड़ा। इस दुर्घटना में किसी को चोट नहीं आई है हालांकि दो लोग जो सड़क पर खड़े थे उन्होंने किसी प्रकार हटकर अपनी जान बचाई।