प्लांट लगाने के लिए उरेडा को मिले 37 आवेदन, 18 हो चुके स्वीकृत
आवेदन के तहत सभी 37 प्लांट शुरू हाे गए तो 2900 किलोवाट बिजली उत्पादन होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। चमोली जनपद में लोगों की मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना में दिलचस्पी बढ़ रही है। उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) विभाग को अभी तक 20 से 200 किलोवाट के सौर ऊर्जा प्लांट लगाने के लिए 37 आवेदन मिल चुके हैं जिनमें से 18 के आवेदन स्वीकृत हो गए हैं। आवेदकों की ओर से प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह सभी 37 प्लांट शुरू हो जाते हैं तो यूपीसीएल को इससे 2900 किलोवाट (2.9 मेगावाट) की बिजली मिल जाएगी।
मौजूदा समय में सौर ऊर्जा से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार करने में लोगों की दिलचस्पी बढ़ती जा रही है। पूर्व में मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत 20 व 25 किलोवाट के सोलर प्लांट स्थापित किए जा रहे थे लेकिन अब उरेडा विभाग ने इसका विस्तार कर 20, 25, 50, 100 व 200 केवी के प्लांट स्थापित करने की योजना बनाई है। उरेडा विभाग के परियोजना अधिकारी सौरभ कुमार ने बताया कि योजना के तहत युवा स्थानीय स्तर पर ही स्वरोजगार कर आर्थिकी अर्जित कर सकते हैं। अभी तक जिले के नौ ब्लॉकों से 37 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिसमें दशोली, गैरसैंण और नंदानगर ब्लॉक से अधिक आवेदन मिले हैं। बताया कि सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए उद्योग विभाग की ओर से 50 फीसदी तक सब्सिडी दी जा रही है। सोलर प्लांट संचालक विनोद रावत ने बताया कि सोलर प्लांट से घर पर ही बेहतर स्वरोजगार किया जा सकता है। इससे आर्थिकी भी मजबूत होगी।