अग्निपथ योजना के विरोध के कारण यहां सुरक्षा की दृष्टि से उमा देवी तिराहा और मुख्य बाजार में पुलिस के जवान तैनात रहे। युवाओं की ओर से सोमवार को दीनदयाल पार्क में प्रदर्शन का एलान किया गया था, लेकिन भारी पुलिस फोर्स के कारण उमा देवी तिराहा और दीन दयाल पार्क के आसपास युवा नहीं दिखाई दिए। सड़कों पर बदरीनाथ व हेमकुंड जाने वाले वाहनों का ही काफिला चलता रहा। संवाद
कांग्रेस ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला
अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के तिराहे पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह योजना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने अग्निपथ योजना को रद्द कर पूर्व की भांति सेना भर्ती प्रक्रिया जारी रखने की मांग की। इस मौके पर पूर्व दर्जाधारी युद्धवीर सिंह बर्त्वाल, नगर अध्यक्ष अरविंद नेगी, ओम प्रकाश नेगी, मनीष नेगी, योगेंद्र सिंह बिष्ट, संदीप झिंक्वाण, विपिन फरर्स्वाण और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सूर्या पुरोहित आदि मौजूद रहे। संवाद