बदरीनाथ धाम और केदारनाथ की तीर्थयात्रा पर आने के इच्छुक तीर्थयात्री मंदिर समिति की वेबसाइट पर आगामी यात्रा की ऑनलाइन बुकिंग नहीं करा पा रहे हैं। इसका कारण यह है कि देवस्थानम बोर्ड के भंग होने के बाद पुन: श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अस्तित्व में आ गई है, लेकिन देवस्थानम बोर्ड के नाम से चल रही मंदिर समिति की वेबसाइट को अपडेट नहीं किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस वर्ष बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा आठ मई और केदारनाथ की यात्रा छह मई से शुरू होगी। गत वर्षों तक तीर्थयात्री बदरीनाथ और केदारनाथ की यात्रा पर आने के लिए पहले से ही धामों में ठहरने व पूजाओं की ऑनलाइन बुकिंग करा देते थे, जिससे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद उन्हें कोई दिक्कतें नहीं आती थीं, लेकिन इस बार अभी तक मंदिर समिति की ऑनलाइन बुकिंग शुरू नहीं हो पाई है। ऐसे में तीर्थयात्रियों को फोन पर यात्रा संबंधित जानकारियां लेनी पड़ रही हैं।
वर्ष 2020 में देवस्थानम बोर्ड का गठन किया था। तब मंदिर समिति की सभी व्यवस्थाएं देवस्थानम बोर्ड की ओर से संचालित की जाने लगीं। देवस्थानम बोर्ड के नाम से चारधामों की वेबसाइट भी संचालित होने लगी, लेकिन लगातार बोर्ड का विरोध होने से एक वर्ष बाद 2021 में बोर्ड को भंग कर दिया गया, लेकिन वेबसाइट का संचालन बोर्ड के नाम से ही होता रहा, जो अभी भी जारी है। वहीं बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि शीघ्र वेबसाइट को अपडेट करा दिया जाएगा। तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएंगी।