जोशीमठ। रविग्राम के ग्रामीणों ने विष्णुगाड-तपोवन जल विद्युत परियोजना की निर्मात्री संस्था एनटीपीसी पर पुश्तैनी रास्ता बंद करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि नौ साल पहले एनटीपीसी के साथ हुए समझौते के मुताबिक कंपनी की ओर से रास्ते को बंद न करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब रास्ते पर सीमेंट की दीवार लगाकर इसे बंद किया जा रहा है। ग्रामीणों ने दीवार का निर्माण रुकवा दिया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
रविग्राम में परियोजना के तहत कई जगहों पर निर्माण कार्य चल रहा है। इन दिनों एनटीपीसी की ओर से गांव के खेतों को जाने वाले रास्ते पर दीवार बनाई जा रही है, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया। रविग्राम के सभासद समीर डिमरी ने कहा कि यह मार्ग उनका पुश्तैनी रास्ता है। वर्ष 2011 में एनटीपीसी ने रास्ते पर कोई छेड़छाड़ न करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब इसे बंद किया जा रहा है। ग्रामीणों ने एसडीएम से मार्ग पर निर्माण कार्य रुकवाने और ग्रामीणों के हितों को देखते हुए मार्ग खुला रखने की मांग की। एनटीपीसी के डीजीएम उमेश कुमार का कहना है कि ग्रामीणों से पूर्व में कंपनी ने भूमि क्रय की थी। यह एनटीपीसी की जमीन है। इस पर दीवार लगाने का हमारा पूरा अधिकार है।