हिमालयी महाकुंभ श्रीनंदा देवी राजजात यात्रा से पूर्व होने वाले कार्यक्रम की तिथियों का हुआ एलान
मौडवी के दो वर्ष बाद होता है महाकुंभ श्रीनंदा राजजात का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। हिमालयी सचल महाकुंभ श्रीनंदा देवी राजजात यात्रा से पूर्व होने वाली मौडवी (कार्यक्रम) की तिथियों का एलान हो गया है। वसंत पंचमी पर नौटी के उफराई देवी मंदिर में ज्योतिष गणना के अनुसार कार्यक्रमों की तिथियां निकाली गईं। इसके तहत 2 दिसंबर से 11 दिसंबर तक नौटी में मौडवी महोत्सव और 10 दिसंबर को मौडवी पूजा के तहत डोली यात्रा का आयोजन होगा।
बुधवार को उफराईं देवी के मैतियों ने बैनोली गांव से आकर देवी-देवताओं का पूजन किया गया बैनोली के विनोद नेगी, प्रीतम सिंह, खुशहाल सिंह, नारायण सिंह ने पंडित उमेश मैठाणी के निर्देशन में पूजा की। पंडित महानंद मैठाणी और आचार्य अनुसूया प्रसाद कोठियाल की ओर से ज्योतिष गणना के अनुसार कार्यक्रमों की तिथियां निकाली गईं और इसकी घोषणा की गई। नंदा देवी राजजात समिति के महामंत्री भुवन नौटियाल ने बताया कि मौडवी महोत्सव के साथ ही श्रीनंदा देवी राजजात यात्रा के कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। मौडवी के दो वर्ष बाद श्रीनंदा देवी राजजात महाकुंभ का आयोजन होता है जो 2026 को होगा। इसकी तिथि चौसिंग्या खाडू के जन्म के बाद तय होगी। इस दौरान कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने मंदिर क्षेत्र में कार्याें के लिए 10 लाख और जिला पंचायत सदस्य विनोद नेगी ने 5 लाख रुपये देने की बात कही। इस अवसर पर नौटी के प्रधान पंकज नौटियाल, अरुण मैठाणी, हर्षवर्धन नौटियाल, सुभाष नौटियाल, कैलाश नौटियाल, रीना नौटियाल आदि मौजूद रहे।