ज्योतिर्मठ। मूल निवास स्वाभिमान संगठन ने भू-धंसाव प्रभावितों के साथ नगर में रैली निकाली। उन्होंने एलान किया कि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर 27 सितंबर को नगर में बाजार बंद और चक्का जाम किया जाएगा, जिसके बाद क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा।
संगठन के मुख्य संरक्षक ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि जनवरी 2023 में नगर में भू-धंसाव हुआ था। आपदा के 21 माह बीतने के बाद भी नगर के सुरक्षात्मक कार्य शुरू नहीं हुए हैं। संगठन की ओर से 15 मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी को भेजा गया। जिसमें नगर के ट्रीटमेंट, प्रभावितों के विस्थापन सहित अन्य मांगों को शामिल किया गया है। कहा कि यदि जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 27 सितंबर से बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके तहत 27 सितंबर को बाजार बंद रहेगा और नगर में चक्का जाम करने के साथ क्रमिक अनशन भी शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर समीर डिमरी, भगवती प्रसाद नंबूरी, भगवती प्रसाद कपरवाण, रमेश डिमरी, चंडी प्रसाद बहुगुणा, प्रकाश नेगी, नैन सिंह भंडारी, अमित सती, प्रवेश डिमरी, सुभाष डिमरी, जेपी भट्ट सहित अन्य लोग शामिल रहे।