बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने में अब सिर्फ तीन दिन शेष हैं लेकिन सीमांत माणा गांव में अभी तक रौनक बनी है। पिछले वर्षों में यात्रा समाप्ति से करीब एक सप्ताह पहले ही माणा गांव के ग्रामीण निचले क्षेत्रों में आने की तैयारियां शुरू कर देते थे लेकिन इस बार यात्रा के अंतिम दिनों तक भी गांव गुलजार है।
दिनभर बड़ी संख्या में तीर्थयात्री माणा गांव पहुंच रहे हैं। इससे गांव में वाहनों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही जाम की स्थिति भी बन रही है। तीर्थयात्री यहां सरस्वती नदी, व्यास गुफा और गणेश गुफा के दर्शन कर रहे हैं। कपाट बंद होने से पहले भी माणा में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी हुई है। माणा के होटल व्यवसायी सुरेंद्र बड़वाल का कहना है कि इस वर्ष बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा में जबरदस्त इजाफा हुआ है। इससे माणा गांव का कारोबार भी बढ़ा है। माणा के पूर्व ग्राम प्रधान पीतांबर मोल्फा का कहना है कि अब बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा संपन्न होने के बाद ही माणा गांव के ग्रामीण निचले क्षेत्रों के लिए लौटेंगे। संवाद