विधायक नौटियाल ने डीएम और जिला आबकारी अधिकारी को दिए निर्देश
ठेका हटाने की मांग को लेकर विधायक से मिले ग्रामीण, मिला सकारात्मक आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर आदिबदरी मध्य निषेध समिति की महिलाएं और अन्य पदाधिकारी कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल से उनके आवास पर मिले। ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने डीएम और जिला आबकारी अधिकारी को एक सप्ताह में दुकान हटाने के निर्देश दिए।
गौचर पहुंचे ग्रामीणों ने विधायक अनिल नौटियाल को ज्ञापन दिया। कहा कि आदिबदरी में जिला आबकारी विभाग की ओर से बीते जून माह में शराब की दुकान खोली गई थी। तब से इसका विरोध कर रहे हैं लेकिन मांग सुनी नहीं जा रही है। कहा कि आदिबदरी धार्मिक स्थल है। यहां मंदिर समूह के अलावा चांदपुर गढ़ी का किला भी है। हर 12 साल में श्रीनंदा देवी राजजात यात्रा का आयोजन भी होता है। जिपंस विनोद नेगी ने कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की बिना सहमति के ही यहां विभाग ने दुकान खाेली है। कहा जल्द यहां से शराब की दुकान नहीं हटती तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। कहा कि सिमली में भी शराब की दुकान खोलने की तैयारी चल रही है जिसका विरोध किया जाएगा। ग्रामीणों की मांग पर विधायक अनिल नौटियाल ने फोन पर डीएम और जिला आबकारी अधिकारी चमोली को एक सप्ताह में आदिबदरी से अंग्रेजी शराब की दुकान हटाने के लिए निर्देश दिए। विधायक से मिलने वालों में कै. गैणा सिंह रावत, नगली के प्रधान मनोज कुंवर, क्षेपंस नवीन बहुुगुणा, पूर्व कलम कोहली, भूपेंद्र कुंवर, पूनम खंडूड़ी, शकुंतला बरमोला, आशा थपलियाल, नंदी कुंवर, कुसुमलता देवी आदि मौजूद थे।