कपीरी पट्टी के किमोली गांव में श्री लक्ष्मी नारायण पर्यटन सांस्कृतिक एवं विकास मेला शनिवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया है। स्कूली बच्चों और महिला मंगल दलों ने पहाड़ की अनमोल संस्कृति की छटा बिखेरी। इस दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लोगों का परीक्षण कर निशुल्क दवाइयां वितरित की ।
पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह भंडारी ने लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में आयोजित होने वाले मेले आत्मीयता के प्रतीक हैं। मंदिर के पुजारी लोकेश थपलियाल और दुर्गा प्रसाद थपलियाल ने भगवान के जयघोष के साथ देवताओं की स्तुति की और मेले में आये लोगों को सुफल दिया। मेला पंडाल में किमोली गांव की महिलाओं ने चांछड़ी नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को मंत्र मुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रावि बरतोली, किमोली, बणसोली, खत्याड़ी, रिठोली, नैनीसैंण, जूनियर हाईस्कूल जस्यारा, बणसोली, उमासैंण सहित अन्य स्कूलों के बच्चों ने लोक गीत और लोक नृत्य प्रस्तुत किये। कंडारा, सुखतोली, कनखुल तल्ला, पारतोली, कनखुल मल्ला, नौसारी, फलोटा, किमोली, कुनेथ आदि गांवों के महिला मंगलदलों ने गढ़वाली सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बेहतरीन प्रस्तुतियां दी। निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में डेंटल सर्जन डॉ. विनोद पुंडीर, डॉ. शिखा पुंडीर, डॉ. सुदर्शन भंडारी, डॉ. राजीव गर्ग आदि ने लोगों के दांतों और स्वास्थ्य का परीक्षण कर निशुल्क दवाइयां वितरित की।
इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष खिलदेव रावत, पूर्व प्रमुख राजेंद्र सगोई, निर्वतमान प्रमुख राधा देवी, मुकेश नेगी, संजय कडवाल, भगवान कंडवाल, उत्तम तोपाल, युदबीर खत्री, राकेश रावत, अजय भंडारी, रणबीर कंडवाल, मनमोहन सिंह, राजेंद्र नेगी आदि थे।
कथा व्यास ने दिया सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
कर्णप्रयाग। विश्व हिंदू परिषद की ओर से नगर के देवतोली में आयोजित नौ दिवसीय श्री राम कथा शनिवार को यज्ञ की पूर्ण आहुतियों और विशाल भंडारे के साथ संपन्न हो गई । सुबह आचार्यों और आयोजकों ने विष्णु शहस्त्रनाम और नामावलियों से महा यज्ञ में आहुतियां अर्पित की, तथा दोपहर को कथा व्यास आचार्य गिरीश चंद्र पंत ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि भगवान श्री राम की कथा करवाने और श्रवण करने से मनुष्य के समस्त सांसारिक कष्ट दूर हो जाते हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं के कीर्तन-भजनों से संपूर्ण क्षेत्र भक्ति मय हो गया। इस मौके पर प्रताप लूथरा, राम प्रसाद पुरोहित, भगवती प्रसाद बैंजवाल, विष्णु दत्त भट्ट, चिंतामणी सेमवाल, विनोद पुरोहित, सीमा पंत, रेखा नेगी, कमला रावत, दिक्केश्वरी नौटियाल सहित सेकड़ों की संख्या मे श्रद्वालुओं ने श्री राम कथा मे प्रतिभाग कर पुण्य अर्जित किया।
समिति ने पूरी की मेले की तैयारियां
देवाल। ब्लॉक के पौराणिक ल्वाणी पिलखड़ा मंदिर मे 1 सितबंर से दो दिवसीय राजराजेश्वरी संस्कृति संरक्षण विकास मेले का आयोजन होगा। मेला समिति अध्यक्ष महाबीर बिष्ट ने बताया कि मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर दी गई हैं। बताया कि धार्मिक मेले का शुभारंभ राज्य की सुप्रसिद्ध जागर गायिका बसंती बिष्ट करेगी। बताया कि दो सितबंर को नंदा देवी लोक जात यात्रा के ल्वाणी पिलखड़ा मंदिर मे पहुंचने पर स्वागत किया जाएगा। इस मौके पर शिक्षण संस्थानों, महिला मगंल दलों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।