बदरीनाथ धाम में सड़क किनारे वाहन पार्किंग होने से बनी रही जाम की स्थिति।
- फोटो : GOPESHWAR
बदरीनाथ धाम सहित यात्रा पड़ावों में पार्किंग की समस्या बनी हुई है। इससे तीर्थयात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गौचर में वाहनों को बाजार में खड़े करने की जगह नहीं है। कर्णप्रयाग, नंदप्रयाग, चमोली बाजार, पीपलकोटी, हेलंग और जोशीमठ बाजार में भी वाहन पार्किंग की समस्या बनी हुई है। बदरीनाथ धाम में वाहन सड़क किनारे खड़े किए जा रहे हैं। माणा रोड पर तीर्थयात्री करीब एक किलोमीटर दूर वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे उन्हें लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है। साथ ही सड़क किनारे खड़े वाहनों से कई बार जाम लग रहा है। उधर, बदरीनाथ में तीर्थयात्री होटल व धर्मशालाओं के बाहर वाहन खड़ा कर रहे हैं। इससे हाईवे पर वाहनों का जाम लग रहा है। बदरीनाथ थाना पुलिस वाहनों को माणा रोड पर पार्क करवा रही है।
दिल्ली से आए तीर्थयात्री मयंक त्रिपाठी ने बताया कि माणा रोड पर वाहन खड़ा करने के बाद बदरीनाथ मंदिर तक पहुंचने के लिए उन्हें एक किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। महाराष्ट्र के नारायण शर्मा का कहना है कि धाम में वाहन के आड़े-तिरछे खड़े होने से जाम लग रहा है।