मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं सुशासन पुरस्कार 2020-21 के लिए प्रशासन ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को सूची बनाने के निर्देश दिए हैं। अपर जिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा ने कहा कि इस पुरस्कार के लिए अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक प्रचार करें और नियमित कर्मचारियों में से सर्वश्रेष्ठ कर्मचारियों के आवेदन निर्धारित प्रारूप में भेजें।
सरकारी विभागों में कार्य संस्कृति को विकसित करने के लिए सरकार यह पुरस्कार दे रही है। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी आवेदनों को सत्यापन के बाद शासन को भेजा जाए। यह पुरस्कार एक अप्रैल 2020 से 21 मार्च 2021 की अवधि में सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत और सर्वश्रेष्ठ सामूहिक कार्य के लिए दिया जाएगा। 14 अप्रैल शाम छह बजे तक सचिव सामान्य प्रशासन को इसके आवेदन उपलब्ध कराए जा सकते हैं। शासन में गठित समिति की ओर से आवेदनों का मूल्यांकन करने के बाद चयनित कर्मियों को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट पुरस्कार दिया जाएगा।