बीते वर्ष बरसात में भू-धंसाव से 15 मीटर तक धंस गई थी
13 गांवों के यातायात का एकमात्र साधन है यह सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। घिंघराण क्षेत्र के 13 से अधिक गांवों को यातायात से जोड़ने वाली गोपेश्वर-घिंघराण (15 किमी) सड़क का सुधारीकरण कार्य शुरू हो गया है। बीते वर्ष बरसात के दौरान रौली-ग्वाड़ में सड़क का करीब 15 मीटर हिस्सा धंस गया था जिससे यहां वाहनों की आवाजाही खतरनाक बनी हुई थी। अब लोनिवि ने सड़क के इस हिस्से में सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया है।
गोपेश्वर-घिंघराण सड़क रौली ग्वाड़, देवर-खडोरा, घिंघराणा, कुजौं-मेकोट, स्वींग, मलाना, नैल, कुड़ाव, डुंगरी, कौंज पोथनी, कांडा, बैमरु, मठ, कलगोठ आदि गांवों को यातायात से जोड़ती है। रौली-ग्वाड़ में सड़क लगातार धंस रही थी। स्थानीय लोगों ने सड़क के सुधारीकरण के लिए कई बार जिला प्रशासन को अवगत कराया जिसके बाद लोनिवि ने सड़क का सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया। वहीं लोनिवि के ईई राजबीर सिंह चौहान ने बताया कि आगामी बरसात में सड़क को अधिक नुकसान न हो इसके लिए यहां सुधारीकरण कार्य और नाली निर्माण शुरू कर दिया गया है। सड़क सुधारने में अभी करीब डेढ़ माह का समय लगेगा।