कर्णप्रयाग। टटेश्वर महादेव मंदिर डिम्मर में चोरों ने मूर्ति, छत्र, तांबे के लोटे और बर्तन समेत कई सामान चुरा लिया। ग्रामीणों ने थाना कर्णप्रयाग में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मंदिर के सहायक महंत राजेशनाथ बृहस्पतिवार सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे तो मंदिर में महादेव का छत्र, राधा-कृष्ण के मंदिर से गोपालजी की मूर्ति और सिंहासन तथा 24 से अधिक तांबे के लोटे, बर्तन, भेंट-चढ़ावा चोरों ने चुरा लिया। प्रधान राखी डिमरी, क्षेत्र पंचायत सदस्य संदीप डिमरी, मंदिर के सहायक महंत राजेशनाथ सहित ग्रामीणों ने थाना पुलिस कर्णप्रयाग में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना का निरीक्षण करने पहुंचे एसएसआई पंकज कुमार ने बताया कि घटना की गहनता से जांच कर जल्द चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इन दिनों टटेश्वर महादेव मंदिर के प्रमुख महंत योगेशानंद महाराज अयोध्या गए हुए हैं। ग्रामीणों ने यहां रह रहे बाहरी लोगों का सत्यापन कराने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। संवाद