देवाल। ब्लॉक सभागार में आयोजित मेरा माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। इस दौरान ब्लॉक के नए भवन की गैलरी में व हर ग्राम पंचायत के पंचायत घरों में शहीदों की फोटो लगाने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में हिमालयन पब्लिक स्कूल, कन्या व जूनियर हाईस्कूल और कैल गांव की महिलाओं ने देश भक्ति व रंगारंग लोकगीत, नृत्य की प्रस्तुति दी। ग्राम पंचायतों से अमृत कलश में लाई गई मिट्टी को कलश यात्रा के जरिए ब्लॉक तक लाया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रमुख डॉ. दर्शन दानू ने किया। उन्होंने कहा कि ब्लॉक भवन में पूर्व सैनिकों के कार्यालय की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में आजाद हिंद फौज के स्व. अमर सिंह की धर्मपत्नी देवकी देवी (96) सहित शहीद स्व. हरक सिंह, बाग सिंह, बादर सिंह, भजन सिंह, भवान सिंह, कलम सिंह, सुरेंद्र सिंह, पान सिंह, खीम सिंह, खड़क सिंह, राजेंद्र सिंह, मोहन सिंह, राम सिंह, कंचन सिंह, वादर सिंह, दीवान सिंह, गैार सिंह के परिजनों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष सुरेंद्र कुनियाल, बीडीओ बीएस राणा, पुष्कर गड़िया, सरोज बागड़ी मौजूद थे। संवाद