चट्टान काटकर बनाया बैलीब्रिज मगर गदेरे में सड़क कम चौड़ी होने से नहीं जा पा रही बस
संवाद न्यूज एजेंसी
देवाल। लोहाजंग-वाण सड़क के छाजड़ी में हरिद्वार-वाण बस सेवा साढ़े तीन माह से बंद है। बरसात में छाजड़ी गदेरे में लगभग 30 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। तब यहां चट्टान काटकर बैलीब्रिज बनाया गया लेकिन गदेरे में सड़क कम चौड़ी होने के कारण बस सेवा वाण नहीं पहुंच पा रही है। ऐसे में लोगों को अधिक किराये का भुगतान कर वाण तक पहुंचना पड़ रहा है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य हीरा पहाड़ी ने बताया कि हरिद्वार से लोहाजंग-वाण के लिए रूपकुंड पर्यटन विकास समिति की नंदादेवी एक्सप्रेस सेवा की बस का संचालन होता था। मगर बरसात में लोहाजंग-वाण सड़क छाजड़ी गदेरे में क्षतिग्रस्त हो गई। तब से साढ़े तीन माह से सड़क बंद पड़ी है। कहा कि विभाग की ओर से यहां पर चट्टान का कुछ हिस्सा काटकर बैलीब्रिज तैयार किया गया। बैलीब्रिज बनने के बाद भी यहां पर बस सेवा का संचालन नहीं हो पाया। बताया कि छाजड़ी गदेरे में सड़क कम चौड़ी होने के कारण बस नहीं आ रही है। वहीं लोनिवि के एई सचिन अशोक ने बताया कि किसी ने भी इस संबंध में जानकारी नहीं दी है। अब मामला संज्ञान में आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।