थराली। सिंचाई खंड थराली में स्थायी अधिशासी अभियंता की नियुक्ति और खंड की ओर से किए गए कामों की एसआईटी जांच की मांग लेकर ठेकेदार संघ ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। ठेकेदारों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी दिया।
सिंचाई खंड कार्यालय परिसर में क्रमिक धरने पर बैठे ठेकेदारों ने कहा कि बीते तीन वर्षों से अधिशासी अभियंता का पद रिक्त है जिस पर सहायक अभियंता राजकुमार चौधरी को ईई का अतिरिक्त प्रभार दिया है। प्रभारी ईई की ओर से विकास कार्याें में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। कई बार बिना निविदा प्रकाशन के अपने चहेतों के नाम अनुबंध गठित कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। अनशन पर बैठने वालों में महावीर बिष्ट, महिपाल सिंह, हरेंद्र बिष्ट, सुजान सिंह, रणजीत सिंह, तेजपाल सिंह, केदार दत्त, हरिकृष्ण, पुष्कर फर्स्वाण आदि शामिल थे। दूसरी ओर प्रभारी ईई राजकुमार चौधरी ने कहा कि विभाग में सभी काम नियमानुसार हो रहे हैं। संवाद