कर्णप्रयाग। लावारिस पशुओं के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से कर्णप्रयाग के आईटीआई वार्ड में बनाया गया गोसदन बंद पड़ा है। यहां पशुओं के लिए रहने और चारे-पानी की कोई व्यवस्था न होने के कारण पालिका ने पशुओं को छोड़ दिया लिहाजा वह फिर से सड़कों पर घूम रहे हैं और जाम लगा रहे हैं। साथ ही हादसे की आशंका भी बनी है।
कर्णप्रयाग में नैनीसैंण मार्ग पर करीब 50 से अधिक पशुओं को रखने के लिए करीब पांच पहले गोसदन बनाया गया था लेकिन एक साल बाद पशुओं के लिए चारा-पानी की व्यवस्था नहीं हो पाई तो पालिका ने गाय, बछिया और बैलों को फिर से बाजार में छोड़ दिया। दिनेश, जितेंद्र, दीपक, सतेंद्र ने कहा कि मुख्य बाजार, देवतोली, उमा देवी तिराहा, सेमी-देवतोली के अलावा पुलों पर आवारा पशु जाम लगा रहे हैं। पशु प्रेमी लकी अली सिद्धिकी ने कहा कि गोसदन को फिर से शुरू करने की मांग की। वहीं अधिशासी अधिकारी गुरुदीप आर्य का कहना है कि गोसदन में पशुओं को रखने की क्षमता कम है। गोसदन के विस्तारीकरण के लिए इस्टीमेट शासन को भेजा गया है। संवाद