बारिश थमी तो हाईवे भी किया जा रहा दुरुस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम की दूसरे चरण की तीर्थयात्रा शुरू हो गई है। बरसात में तीर्थयात्रियों की संख्या कम हो गई थी लेकिन अब धीरे-धीरे यात्रा पटरी पर लौटने लगी है। वहीं हाईवे भी दुरुस्त किया जा रहा है। अभी तक बदरीनाथ धाम में 11,90081 तीर्थयात्री भगवान बदरीनाथ के दर्शन कर चुके हैं। शनिवार को 2,250 तीर्थयात्रियों ने बदरीनाथ धाम के दर्शन किए।
जुलाई माह के शुरुआत से ही बारिश के कारण बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा धीमी पड़ गई थी। जगह-जगह हाईवे बंद होने से तीर्थयात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। गौचर से लेकर बदरीनाथ धाम तक करीब 131 किलोमीटर मार्ग पर नंदप्रयाग, मैठाणा, पीपलकोटी, हेलंग, मारवाड़ी, हाथी पहाड़, टैय्या पुल, कंचन गंगा आदि जगहों पर बदरीनाथ हाईवे खस्ता हालत में पहुंच गया था, जिससे तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ धाम जाने के लिए दो से तीन दिनों तक इंतजार करना पड़ा। अब बरसात थमी तो सीमा सड़क संगठन और एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) की ओर से हाईवे पर हिल कटिंग कर हाईवे दुरुस्त कर वाहनों की आवाजाही सुचारु करवाई जा रही है। अब तीर्थयात्रियों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। इधर, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा कि यात्रा व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं जिससे तीर्थयात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।