श्रीदेवसुमन विवि की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। श्रीदेवसुमन विवि की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता के एकल वर्ग में गोपेश्वर की ज्योति और देहरादून के शौर्य पंत चैंपियन बने। प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनीष डंगवाल ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
शुक्रवार को पीजी कॉलेज गोपेश्वर में अंतर महाविद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता शुरू हुई थी। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले शनिवार को हुए। पुरुष टीम वर्ग में जसपाल राणा स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून विजेता और कोटद्वार पीजी कॉलेज उपविजेता बना। महिला टीम वर्ग में पीजी कॉलेज गोपेश्वर विजेता और ऋषिकेश परिसर उपविजेता रहा। पुरुष एकल वर्ग में जसपाल राणा स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून के शौर्य पंत विजेता और आईटीएम कॉलेज देहरादून के रुद्राक्ष उपविजेता रहे। महिला एकल वर्ग में गोपेश्वर पीजी कॉलेज की ज्योति विजेता जबकि ऋषिकेश परिसर की राशि लखेड़ा दूसरे नंबर पर रहीं। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक डॉ. ललित तिवारी, मैच रेफरी विक्रम कठैत, अवतार सिंह, श्रीदेव सुमन विवि के क्रीड़ाधिकारी पुष्कर, विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षक यशपाल सिंह ओली, डॉ. जगमोहन नेगी, डॉ. नाभेंद्र गुसांई, डॉ. अखिलेश कुकरतेती, डॉ. भावना मेहरा, डॉ. वंदना लोहनी आदि मौजूद रहे।