ब्लाक पोखरी के सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने राशन ढुलान का किराया नहीं मिलने पर आक्रोश जताया। यहां आयोजित सस्ता गल्ला विक्रेता संघ की बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक सरकार उन्हें किराया और मानदेय नहीं देती तब तक वह गोदामों से खाद्यान्न नहीं उठाएंगे। उन्होंने इस संबंध में जिलापूर्ति अधिकारी और क्षेत्रीय खाद्यान्न निरीक्षक को ज्ञापन भेजा।
ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने कहा कि वह लगातार अपने पैसे लगाकर गोदामों से राशन उठाकर लोगों को बांट रहे हैं। सात आठ साल से उन्हें भाड़ा नहीं दिया गया। यहां तक कि प्रधानमंत्री खाद्यान्न योजना का राशन भी उन्होंने खुद किराया भरकर दुकान तक पहुंचाया और लोगों को बांटा। उसका भी किराया नहीं दिया गया। कहा कि दूर दराज के सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं को भारी भरकम भाड़ा देकर राशन गांव तक पहुंचानी पड़ती है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। बैठक में रमेश चौधरी, भूपेंद्र परमार, ताजबर सिंह, मधुसूदन किमोठी, दर्शन सिंह, दिनेश राणा, द्वारिका प्रसाद, रामेश्वरी देवी, शिशुपाल सिंह नेगी, हरेंद्र सिंह, सत्यपाल सिंह, महेंद्र सिंह, मनोज भंडारी और भरत सिंह सहित अन्य विक्रेता उपस्थित थे।