चारधाम यात्रा के शुरू होने के बाद अब चमोली जिला प्रशासन और हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा की तैयारियों में जुट गया है। हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 22 मई को सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। जबकि 19 मई को हेमकुंड साहिब के प्रवेश द्वार गोविंदघाट से तीर्थयात्रियों का पहला जत्था हेमकुंड साहिब के लिए रवाना होगा। कोरोना संक्रमण के कारण दो साल तक हेमकुंड की तीर्थयात्रा प्रभावित रही। इस बार हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट अप्रैल माह से ही तीर्थयात्रा की तैयारियों में जुट गया था।
हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा जून से अक्तूबर माह तक होती है लेकिन इस वर्ष मौसम अनुकूल होने के कारण हेमकुंड साहिब के कपाट 22 मई को खोले जा रहे हैं। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। हेमकुंड साहिब तक आस्था पथ को खोल दिया गया है। जबकि घांघरिया से आगे मार्ग पर बिछी बर्फ को सेना के जवानों और सेवादारों ने हटा दिया है। गोविंदघाट से लेकर हेमकुंड साहिब तक तीर्थयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गोविंदघाट व घांघरिया गुरुद्वारे की साज-सज्जा व रंग-रोगन का काम पूरा हो गया है और यात्रा मार्ग पर पेयजल व बिजली की व्यवस्था जुटाई जा रही है। गोविंदघाट-पुलना (4 किमी) तक सड़क पर डामरीकरण व सुधारीकरण कार्य इन दिनों युद्धस्तर पर चल रहा है, जबकि पुलना से घांघरिया के बीच 10 किलोमीटर पैदल मार्ग के सुधारीकरण का काम भी अंतिम चरण में है। यहां जगह-जगह तीर्थयात्रियों को बैठने के लिए रेन शेल्टर व लोहे की कुर्सियां लगाई गई हैं। संवाद
21 से शुरू होगी गोविंदघाट से हेलीकॉप्टर सेवा
हेमकुंड साहिब के लिए इस बार भी गोविंदघाट से हेलीकॉप्टर सेवा जारी रहेगी। यहां हेली सेवा 21 मई से शुरू होगी। तीर्थयात्री हेलीकॉप्टर में गोविंदघाट से घांघरिया तक जा सकेंगे। बीते वर्षों तक हेलीकॉप्टर का किराया 6400 रुपये था, लेकिन दो साल तक कोरोना के कारण यात्रा प्रभावित रहने के बाद अभी तक हेली सेवा का किराया तय नहीं हो पाया है।
भ्यूंडार गांव तक सड़क सुविधा की मांग
गोपेश्वर। हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने गोविंदघाट-पुलना मोटर मार्ग का विस्तार कर इसे भ्यूंडार गांव तक निर्मित करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा। उन्होंने कहा कि गोविंदघाट से भ्यूंडार (10 किमी) तक यदि सड़क का निर्माण होता है तो तीर्थयात्री एक ही दिन में हेमकुंड साहिब की यात्रा पूरी कर सकते हैं। दस किमी सड़क बनने से तीर्थयात्री नौ किमी की दूरी एक ही दिन में तय कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शीघ्र मुख्यमंत्री से भेंटकर वार्ता भी की जाएगी। संवाद
कोट
हेमकुंड साहिब तीर्थयात्रा की तैयारियां चल रही हैं। गोविंदघाट-पुलना मोटर मार्ग और पैदल ट्रेक पर सुधारीकरण कार्य चल रहा है। हेमकुंड साहिब तक यात्रा मार्ग सुचारु हो गया है। रास्ते में कुछेक जगह पर ही बर्फ है। यात्रा से पहले यात्रा पड़ावों पर स्वास्थ्य, पेयजल, साफ-सफाई व बिजली व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी जाएगी। - हिमांशु खुराना, डीएम, चमोली।
हेमकुंड साहिब तीर्थयात्रा को लेकर तीर्थयात्रियों में उत्साह का माहौल है। तीर्थयात्री लगातार यात्रा का अपडेट ले रहे हैं। इस बार यात्रा बेहतर चलने की उम्मीद है। गुरुद्वारों में यात्रा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 19 मई को गोविंदघाट से तीर्थयात्रियों का पहला जत्था हेमकुंड के लिए रवाना होगा और 22 मई को विधिवत रूप से हेमकुंड साहिब के कपाट खोल दिए जाएंगे। - नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, उपाध्यक्ष, हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट।