सैकोट गांव के ऊपर जंगल में अचानक आग लग गई। यह पूरा जंगल चीड़ के पेड़ों से भरा है, जिससे यहां भारी मात्रा में पिरुल फैला हुआ है। पिरुल पर आग तेजी से फैलते हुए ऊर बछेर के जंगल के पास पहुंच चुकी है।
केदारनाथ वन प्रभाग के अंतर्गत सैकोट के जंगल में शुक्रवार को अचानक आग लग गई। आग ने तेजी से फैलते हुए जंगल के बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। आग अब बछेर के जंगल तक पहुंच चुकी है। वन विभाग के कर्मचारी आग बुझाने में जुटे हैं। लेकिन चीड़ का जंगल होने के चलते आग तेजी से फैल रही है।
विज्ञापन
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सैकोट गांव के ऊपर जंगल में अचानक आग लग गई। यह पूरा जंगल चीड़ के पेड़ों से भरा है, जिससे यहां भारी मात्रा में पिरुल फैला हुआ है। पिरुल पर आग तेजी से फैलते हुए ऊर बछेर के जंगल के पास पहुंच चुकी है। इन दिनों बारिश नहीं होने से जंगल में सूखी घास भी पर्याप्त मात्रा में है, जिससे आग और भी तेजी से फैल रही है। देर शाम तक वन विभाग के कर्मचारी आग को काबू करने में जुटे हुए थे, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के उप वन संरक्षक इंद्र सिंह नेगी ने बताया कि विभाग के कर्मचारी आग बुझाने में जुटे हुए हैं। चीड़ का जंगल होने के चलते आग को काबू करने में दिक्कत आ रही है। मौके पर अन्य कर्मचारियों को भी भेजा गया है। आग को जल्द से जल्द काबू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।