आसपास के लोगों ने पाइप और बाल्टियों से पानी डालकर बुझाई आग
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। ब्लाॅक के लंगासू बाजार में एक दुकान में अचानक आग लग गई। आग बुझाने में दुकानदार भी आंशिक रूप से झुलस गया। उसे उप जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। जब तब पुलिस पहुंची तब तक आसपास के लोग पाइप और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझा चुके थे। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
लंगासू में महिपाल सिंह रावत (50) की जूते की दुकान थी। सुबह दस बजे उसने दुकान खोली थी। कुछ देर बाद उनकी दुकान में अचानक आग लग गई। महिपाल ने इसकी सूचना पुलिस को दी और इसके बाद आग बुझाने में जुट गए। लपटें देख आसपास के व्यापारी और लोग भी मौके पर पहुंचे और पाइप व बाल्टियों से पानी डालने लगे। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तब तक आधे घंटे में लोगों ने आग बुझा दी थी लेकिन आग बुझाने में महिपाल आंशिक रूप से झुलस गए। पुलिस ने उन्हें उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय दुकानदार ताजवर सिंह, नरेंद्र सिंह, कैलाश खंडूड़ी, धीरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह खत्री, मनोज मैखुरी, भुवन मैखुरी आदि ने प्रभावित को मुआवजा देने की मांग की।